ट्रिपल आईटी परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान पर पौधरोपण
रांची, 16 जुलाई (हि.स.)।
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची में भारत सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत गुरुवार को व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके साथ ही संस्थान के परिसर स्थित विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रो राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने की प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल आईटी रांची समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो तथा समाज को भी हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरणा मिले।
कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रो राजीव श्रीवास्तव ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar