झारखंड और ओडिशा कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर 22 से, शामिल होंगे राहुल : कमलेश
रांची, 21 मार्च (हि.स.)। संगठन सृजन अभियान के तहत चयनित जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर पूरे देश में आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड में भी झारखंड और ओड़िशा के नवचयनित जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चाईबासा स्थित टीआरटीसी में 22 मार्च से 31 मार्च तक किया जायेगा।
शिविर के अंतिम दिन 31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी उपस्थित रहेंगे।
उक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस भवन में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
कमलेश ने बताया कि शिविर में विभिन्न क्षेत्रों में जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने, नेतृत्व क्षमता के विकास के संदर्भ में चर्चा,संगठन विस्तार,आम लोगों की जमीनी समस्याओं तक पहुंचने पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर झारखंड में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, ताकि संगठनात्मक बारीकियों से नवचयनित जिला अध्यक्ष हो सके। इस दौरान दो दिनों तक फील्ड विजिट भी जिला अध्यक्षों को कराया जाएगा। इसमें पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर आम लोगों से बातचीत की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में ओड़िशा के 35 और झारखंड के 25 जिला अध्यक्षों के अलावा ओड़िशा के प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरणदास, केंद्रीय वार्ड रूम इंचार्ज सांसद शशिकांत सेंथिल, ओड़िशा के सह प्रभारी जट्टी कुसुम कुमार, मयूर जयकुमार, झारखंड प्रभारी के राजू,सीरीबेला प्रसाद,भूपेंद्र मरावी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा शिविर में विभिन्न सत्रों में कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, बंधु तिर्की, डॉक्टर अभय सागर मिंज, संजय बसु मल्लिक, फादर अजीत खेस, गुंजन मुंदल,अबरार अहमद, प्रवीण चक्रवर्ती, राहुल बलल दयामनी बारला प्रशिक्षण देंगे।
मौके पर मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा,सतीश पॉल मुंजनी,सोनाल शांति, अभिलाष साहू, राजन वर्मा उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak