रांची में ईद-सरहुल को लेकर ट्रैफिक में बदलाव
- सुबह छह बजे से रात 12.30 बजे तक बड़े वाहनों की नो इंट्री
रांची, 20 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में ईद और सरहुल को लेकर शनिवार को व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं, कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से जुलूस समाप्ति तक निजी और यात्री वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस अधीक्षक (एसपी ट्रैफिक) राकेश सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सरहुल शोभायात्रा कांके रोड, रातू रोड और बोड़ेया रोड से होते हुए रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड और सुजाता चौक के रास्ते मुंडा चौक होते हुए सिरमटोली स्थित सरना स्थल पहुंचेगी।
इसके अलावा नामकुम, खूंटी रोड, बिरसा चौक और डोरंडा से आने वाली शोभायात्राएं ओवरब्रिज, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए सरना स्थल तक जाएंगी। अरगोड़ा और हरमू क्षेत्र से निकलने वाली यात्रा कडरू, बिग बाजार, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए आगे बढ़ेगी। कांटाटोली से बहुबाजार जाने वाले वाहन केवल बहुबाजार तक ही जा सकेंगे।
यातायात पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के कई प्रमुख मार्गों-जैसे एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक, जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक, अपर बाजार से शहीद चौक, चडरी तालाब से अलबर्ट एक्का चौक, चर्च रोड से मेन रोड समेत अन्य कई रास्तों पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
उन्होंने बताया कि ईद के मद्देनजर सुबह 6 बजे से हरमू बाइपास रोड (किशोरगंज चौक से रातू रोड चौक), आंबेडकर चौक से राजेंद्र चौक और मेन रोड (रतन पीपी से गुप्ता भंडार) के बीच यातायात बंद रहेगा। वैकल्पिक मार्गों से छोटे वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
ट्रैफिर एसपी ने बताया कि महात्मा गांधी मार्ग पर सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड और अलबर्ट एक्का चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हरमू बाइपास पर गोशाला के समीप भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे। आवश्यकता अनुसार अन्य खाली स्थानों पर भी पुलिस द्वारा पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और ट्रैफिक नियमों का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे