गुरु नानक जयंती की शोभायात्रा को लेकर शहर के ट्रैफिक में बदलाव
-भारी मालवाहक वाहनों का शहर में बंद रहेगा प्रवेश
रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को राजधानी रांची में निकलने वाली नगर कीर्तन सत्संग शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है।
इस शोभायात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी अलग-अलग समय के लिए रोक लगाई गई है। यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। हालांकि, नो-एंट्री का समय पूर्ववत रहेगा।
वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।
दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, रतन पीपी चौक होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा शोभायात्रा के गुजरने वाले मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
शोभायात्रा के मद्देनजर दोपहर 2 बजे से इसके समापन तक पिस्का मोड़ से मेन रोड, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
वहीं, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरसा मैदान तक और शाम 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल पीपी कंपाउंड तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
वहीं, सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन चालक रतन पीपी चौक से दाएं मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने रांचीवासियों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक बिरसा मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, रतन पीपी चौक और सुजाता चौक वाले मार्गों का कम से कम इस्तेमाल करें।
इस शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने वाहन रामविलास पेट्रोल पंप के बगल में स्थित सुरजीत मोटर (पंजाबी गैराज) और रामविलास पेट्रोल पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्क करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे