चेंबर के साथ टूल रूम से होनेवाले एमओयू से व्यारपारियों को मिलेगा कुशल मैनपावर

 


रांची, 20 फ़रवरी (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्किल डेवलपमेंट उप समिति की बैठक चेंबर भवन में शुक्रवार को हुई।

बैठक में झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम के साथ 25 फरवरी को एमओयू करने पर चर्चा हुई। उप समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार और प्रियंक भगत ने बताया कि इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस पहल से व्यापारी वर्ग को प्रशिक्षित और कुशल मैनपावर उपलब्ध हो सकेगा।

बैठक में उप समिति की ओर से डिजिटल मार्केटिंग, सॉफ्ट स्किल्स, ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर, एकाउंटिंग सॉफ्टवेयर, बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट जैसे विषयों पर जल्द वर्कशॉप आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर पर आईआईएम, रांची के प्रोफेसर गौरव मराठे की ओर से भी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा वेबसाइट प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, डिजिटल पेमेंट, स्टाफ मैनेजमेंट और मैनेजमेंट स्किल्स पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। यह भी सहमति बनाई गई कि एआई पर प्रस्तावित वर्कशॉप में झारखंड के बाहर से भी विशेषज्ञ वक्ता शामिल होंगे और इस प्रयास में आसपास के सभी जिला चैंबरों को भी जोड़ा जाएगा। उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि स्किल के अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञ को बुलाकर वर्कशॉप के लिए जो अच्छे इंस्टिट्यूट हैं उनसे वर्कशॉप कराया जा सकता है।

बैठक में निफ्ट से प्रशिक्षण के लिए संपर्क करने पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य व्यापारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्किल्ड मैनपावर उपलब्ध कराना है। स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से न केवल व्यापार मजबूत होगा, बल्कि युवाओं को भी रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़, प्रवीण लोहिया, उप समिति चेयरमैन आलोक कुमार, प्रियंक भगत, सदस्य मुकेश जायसवाल, ज्योति सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak