ट्रेड यूनियनों ने मजदूरों पर की गई कार्रवाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

 


रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच, झारखंड (रांची) के आह्वान पर शनिवार को रांची में मजदूरों, कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम में मजदूर आंदोलनों पर हो रही कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के तहत जयपाल सिंह स्टेडियम के पास बड़ी संख्या में मजदूर एकत्रित हुए और अल्बर्ट एक्का चौक तक जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर नारेबाजी की गई। अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचकर सभा का आयोजन किया गया।

मौके पर वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सरकारों की ओर से मजदूर आंदोलनों पर किए जा रहे दमन की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक औद्योगिक विवाद नहीं, बल्कि देश के मेहनतकश वर्ग के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। सभा में यह भी आरोप लगाया गया कि नियोक्ता वर्ग के साथ मिलीभगत कर सरकारें श्रमिकों के जायज संघर्ष को कुचलने का प्रयास कर रही है और झूठे आरोपों एवं दुष्प्रचार के माध्यम से आंदोलन को बदनाम किया जा रहा है।

सभा में कहा गया कि यदि सरकारें और नियोक्ता मजदूर वर्ग की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रखती हैं, तो देशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय सिंह ने की।

सभा को एटक के पंकज कुमार और सरिता देवी, किसान सभा के महेंद्र पाठक, एआईसीसीटीयू के शुभेंदु सेन, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के गोपाल शरण सिंह, बेफ के एमएल सिंह और सीटू के भवन सिंह एवं प्रतीक मिश्रा ने संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak