ट्रेड फेयर बना शॉपिंग हब, हर स्टॉल पर खरीदारों की हो रही भीड़
रांची, 31 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में चल रहे 17 वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में प्रतिदिन लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में लोग अपनी जरूरत के अनुसार जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मंगलवार को भी ट्रेड फेयर में खरीदारों की चहल-पहल रही।
ट्रेड फेयर में 12 देशों और 15 राज्यों की भागीदारी के साथ 35 हजार से अधिक उत्पाद एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किए गए हैं। सहारनपुर के हैंडीक्राफ्ट स्टॉल पर लोगों की खास भीड़ देखी जा रही है, जहां घर और रसोई के लिए आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं।
बिना पानी वाला कूलर 6500 रुपये में
ट्रेड फेयर में बिना पानी वाला कूलर 6500 रुपये और मल्टीपल फोल्डिंग टेबल 7500 रुपये में बिक रहा है। वहीं 699 रुपये प्रति किलो की दर से क्रॉकरी आइटम प्लेट, बाउल और ट्रे भी लोगों को खूब भा रहे हैं, जो टिकाऊ भी बताए जा रहे हैं। मेले में मल्टी यूटिलिटी आइटम भी खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अलग-अलग वैरायटी के बैग और लेडीज पर्स 1000 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध हैं। जयपुर की बेडशीट 650 रुपये में मिल रही है, जबकि जयपुर के बैंगल और ब्रास आइटम 200 रुपये से शुरू होकर विभिन्न रंगों और डिजाइनों में खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।
झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि मेले को लोगों का जबरदस्त उत्साह मिल रहा है और आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। इस तरह के आयोजन से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता है और लोगों को एक ही स्थान पर विविध उत्पाद उपलब्ध हो पाते हैं।
ट्रेड फेयर में आईएएस मस्तराम मीणा, एडीआरएम हटिया हेमराज मीणा और बिरसा मुंडा रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार भी ट्रेड फेयर घूमने पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को मंच मिलता है और शहर की पहचान को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष रंजीत शशांक भारद्वाज, पूजा ढाढा, पूनम आनंद सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak