साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरूकता जरूरी : आलोक रंजन

 


रामगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। साइबर फ्रॉड से बचने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना बेहद जरूरी है। हर कॉल और मैसेज पर तत्काल रिप्लाई आपके खाते को खाली कर सकता है यहां तक कि आपके मोबाइल को भी हैक किया जा सकता है। यह बातें बुधवार को रामगढ़ कॉलेज में आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने कही। उन्होंने छात्रों को बताया कि उनकी छोटी सी लापरवाही उन्हें बड़ी मुसीबत में डाल सकती है। एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि तेजी से बढ़ते डिजिटल युग में साइबर अपराध की घटनाएं लगातार चुनौती बनती जा रही हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

ऐसे अपराधों से बचाव और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रामगढ़ साइबर सेल की ओर से रामगढ़ महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्ति एवं सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।

कार्यशाला में एयरटेल कंपनी की एडवाइजर प्रेरणा कुमारी ने साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी निवेश योजनाओं और संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर से भी बचने की जरूरत है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर क्राइम पोर्टल पर सूचना देने की जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। वहीं, सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

मौके पर एसडीपीओ आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर गजेंद्र पांडेय, ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है। युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश