बिरसा उच्च विद्यालय में ‘आजादी के रंग’ पेंटिंग प्रतियोगिता, 300 छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
रांची, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था अर्थ फाउंडेशन की ओर से बुधवार को कांके रोड स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में ‘आजादी के रंग’ पेंटिंग प्रतियोगिता सह तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की आकृति सोरेन ने प्रथम, कक्षा सातवीं की अर्चना बखला ने द्वितीय और कक्षा छठी की सरस्वती लकड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, सबरीन परवीन, अनु सिंह, जॉनी असुर और तनु कुमारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी मुख्य अतिथि दीपक बंका और दीपा बंका ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में देशप्रेम के साथ सामाजिक दायित्व की भावना भी विकसित होती है।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम की थीम पर अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर कांके रोड के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा की। इस दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका, दीपा बंका, विद्यालय की प्राचार्या सुषमा तिवारी, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, आशीष रोशन तथा फाउंडेशन के ट्रस्ट मेंबर अमित कुमार, परवीन, रेशमा टोप्पो और राजेश सिन्हा समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar