रांची निगम क्षेत्र के सहायक अध्यापकों को बड़ी राहत

 


रांची, 29 अगस्त (हि.स.)।

रांची नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत सहायक अध्यापकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पिछले तीन वर्षों से लंबित चार प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि को शनिवार को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। नगर निगम सभागार में महापौर की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में नियमानुसार पात्र सहायक अध्यापकों को लंबित वृद्धि का लाभ देने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक अध्यापकों की अहम भूमिका है। उनके नियमसम्मत अधिकारों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पात्र शिक्षकों को लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान सहायक अध्यापकों के मानदेय वृद्धि से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि झारखंड सहायक अध्यापक सेवाशर्त नियमावली, 2021 और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की अधिसूचना के अनुसार संतोषप्रद सेवा सत्यापन की स्थिति में सहायक अध्यापकों को प्रत्येक वर्ष चार प्रतिशत मानदेय वृद्धि का प्रावधान है। जिन शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्रों का सत्यापन पूरा हो चुका है और सेवा संतोषप्रद पाई गई है, उन्हें इसका लाभ मिलेगा।

बैठक में महापौर, उपमहापौर, महापौर की ओर से मनोनीत सदस्य संजय कुमार महतो, जिला शिक्षा अधीक्षक, पार्षदगण और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar