गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 ग्राम गांजा के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश और सिटी एसपी के मार्गदर्शन और सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने रविवार की रात रांची-हजारीबाग रोड स्थित बूटी मोड़ के पास परमानंद स्टोर के समीप की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान परमानंद राय, ललन साह और रितेश प्रसाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान तीनों के पास से अलग-अलग प्लास्टिक पैकेटों में रखा 320 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में ललन साह और रितेश प्रसाद का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी में पुलिस ने 320 ग्राम गांजा, 72,500 नकद, ०2 बाइक सहित एक स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे