चुटूपालू घाटी में सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर

 










रामगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां एक कंटेनर ने बलेनो कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

परिजनों के अनुसार, हजारीबाग शहर के मिशन स्कूल रोड स्थित सैंडवेल नर्सिंग होम के पास रहने वाले 70 वर्षीय पिमांशु चक्रवर्ती (एसबीआई से सेवानिवृत्त) अपनी 60 वर्षीया पत्नी रीना चक्रवर्ती के साथ रविवार को रांची गए थे। उन्हें बेंगलुरु से आए अपने 32 वर्षीय बेटे प्रियांशु चक्रवर्ती और बहू प्रोनाई चक्रवर्ती को लाना था। रात में लौटने के दौरान चुटूपालू घाटी में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिमांशु चक्रवर्ती, उनके बेटे प्रियांशु और बहू प्रोनाई की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, रांची की ओर से आ रहे कंटेनर (एचआर 37 डी 8971) ने आगे चल रही बलेनो कार (जेएच 02 एजे 5718) को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इधर, घाटी में इससे पहले हुए एक अन्य हादसे में बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। चुटूपालू घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश