एतवा उरांव टूर्नामेंट में खेले गए क्वार्टर फाइनल के तीन रोमांचक मुकाबले

 


रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल के तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए।

इस दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए जय मसीह गिरजाटोली लोयो, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो की तीनों टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

स्मारक न्यास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पहले क्वार्टर फाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो ने संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर को 2-0 गोल से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। दूसरे मुकाबले में एनएफसी पोखर टोली और एसके ब्रदर्स के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद टाईब्रेकर से फैसला हुआ।

इसमें एसके ब्रदर्स ने 5-4 गोल से रोमांचक जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में सुपर किंग लोयो ने नव युवक संघ कंजिया को 1-0 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों के शामिल होने के कारण विशेष प्रारूप अपनाया गया है।

पांच सितंबर को लॉटरी के माध्यम से तीन सेमीफाइनलिस्ट में से एक टीम को सीधे फाइनल में प्रवेश मिलेगा, जबकि शेष दो टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा। विजेता टीम फाइनल खेलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar