रांची में 21 से 23 जुलाई तक होगा तीन दिवसीय सावन महोत्सव
- अग्रवाल सभा महिला समिति ने जारी किया पोस्टर, महिला उद्यमियों को मिलेगा प्रदर्शन का मंच
रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। अग्रवाल सभा महिला समिति के तत्वावधान में आगामी 21 से 23 जुलाई 2026 तक महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय सावन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर सोमवार को अग्रसेन भवन के सभागार में आकर्षक पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की।
सावन महोत्सव की संयोजिका अलका सरावगी ने बताया कि अग्रवाल सभा महिला समिति पिछले 27 वर्षों से महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराती आ रही है। इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आने वाली महिला उद्यमी अपने हस्तशिल्प, पारंपरिक एवं आधुनिक उपयोग की वस्तुओं का प्रदर्शन और विक्रय करेंगी।
उन्होंने बताया कि मेले में नवीनतम डिजाइनों की राखियां, सलवार-सूट, आकर्षक साड़ियां, बेडशीट, गृह सज्जा से जुड़ी वस्तुएं, उपहार सामग्री, अचार, पापड़, मुरब्बा सहित विभिन्न घरेलू उत्पाद उपलब्ध होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय और बाहरी महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ लोगों को सावन पर्व के अवसर पर एक पारिवारिक एवं सांस्कृतिक माहौल में खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में खरीदारी के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहेगा।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मंत्री निर्मल बुधिया, वरीय उपाध्यक्ष सज्जन पाड़िया, रमाशंकर बगड़िया, कोषाध्यक्ष प्रमोद बगड़िया, उपमंत्री सुनील पोद्दार, अमर अग्रवाल, महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल, अंशु नेवटिया, नैना मोर सहित समिति की अनेक सदस्याएं उपस्थित थीं।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar