अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कलकत्ता पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय योग शिविर शुरू
रांची, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ओरमांझी स्थित कलकत्ता पब्लिक स्कूल में शनिवार से तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। पूरे परिसर में योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्राचार्या प्रियम्दा झा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग और प्राणायाम करने के लिए प्रेरित करते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सलाह दी।
प्राचार्या ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज योग भारत की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है। विभिन्न देशों में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और लोगों की सहभागिता इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता का प्रमाण है।
योग शिविर के दौरान योग प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ शिक्षक पुरुषोत्तम पांडेय, खेल प्रशिक्षक संतोष कुमार तथा अन्य प्रशिक्षित शिक्षकों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, हलासन, शशांकासन, भुजंगासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन और कटिचक्रासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास किया।
इसके साथ ही उज्जयी, भ्रामरी, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति जैसे प्राणायामों की विधि और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक होता है। योग सत्र का समापन शवासन के साथ किया गया, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति और विश्राम का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्र, शैक्षणिक सलाहकार टी.पी. झा, प्राचार्या प्रियम्दा झा, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।--------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar