देवघर में तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध लोग फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी बनकर आम लोगों से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित गूगल पर फोन-पे, एयरटेल पेमेंट बैंक, फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे। कैशबैक का लालच देकर उपभोक्ताओं से ठगी की जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिंकू भोक्ता (32), चंदन यादव (22) और रौशन कुमार मंडल (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से बरामद तीन मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड जब्त कर लिए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy