भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत

 


गुमला, 21 मई (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। हादसा इतना भयावह था कि युवकों की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो टुकड़ों में बंट गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है।

मृतकों की पहचान डूमरी थाना क्षेत्र के उजड़ा गांव निवासी संजीत केरकेट्टा (17), अक्षय केरकेट्टा (19) और आर्यन टोप्पो (18) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बुधवार शाम करीब चार बजे एक ही बाइक से घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच रात करीब आठ बजे थाना डांड गांव के पास से गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क किनारे तीन युवकों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। राहगीर ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भीषण था। बाइक की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वाहन काफी तेज रफ्तार में थी। दुर्घटना के कारण बाइक पूरी तरह टूटकर दो हिस्सों में बंट गई। हालांकि हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने रात में ही तीनों शवों को चैनपुर थाना पहुंचाया। गुरुवार सुबह आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बेसुध हैं।

उल्लेखनीय है कि चैनपुर क्षेत्र में इन दिनों लगातार सड़क दुर्घटनाओं के मामले बढ़ते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar