साइबर ठगी मामले में तीन गिरफ्तार
देवघर, 29 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त करते थे और इसके जरिए ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सराफत अंसारी, राजन कुमार दास और राहुल कुमार दास के रूप में हुई है। तीनों सोनारायठाढ़ी एवं मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लाेगाें को पीएम किसान योजना, बिजली बिल भुगतान और आरटीओ चालान से संबंधित संदेश भेजते थे। संदेश के साथ फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों को उसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। फाइल डाउनलोड होने के बाद मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ऑनलाइन ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपिताें में राजन कुमार दास का पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में संलिप्तता रही है। वह साइबर थाना कांड संख्या 111/2025 में पहले जेल जा चुका है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड जब्त किए हैं। देवघर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy