रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से दोबारा दी गई धमकी

 


रांची, 26 मार्च (हि.स.)। रांची में एक बार फिर ई-मेल के जरिए बम धमाका करने की धमकी दी गई है। लगातार दूसरी बार रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सिविल कोर्ट की तरह दूसरी बार भी समाहरणालय भवन को उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई। ई-मेल में लिखा गया कि समाहरणालय को बम से उड़ा दिया जाएगा।

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद गुरुवार को रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट पर आ गई और तुरन्त बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाकर जांच शुरू करवा दी गई है। रांची के कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी मिलने की जांच की जा रही है।

रांची समाहरणालय में डीसी, एसएसपी सहित दर्जन भर बड़े अधिकारियों के दफ्तर हैं। रांची पुलिस के सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित कई पुलिस अधिकारियों के दफ्तर भी समाहरणालय में ही हैं। ऐसे में समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी ने खलबली मचा दी है। बीडीएस की टीम को फिलहाल जांच में कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिला है, लेकिन एहतियातन पूरे बिल्डिंग की जांच करवाई जा रही है। बीडीएस टीम के अधिकारियों ने बताया कि रांची पुलिस के निर्देश पर हम पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे