पुंदाग में बंद घर से 12 लाख के गहने और नकदी की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
रांची, 21 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की वारदात में शामिल संदिग्ध चोरों की गतिविधियां भी कैद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, पुंदाग निवासी सोनू सोनी अपने परिवार के साथ घर में ताला बंद कर किसी पारिवारिक कार्य से पटना गए हुए थे। रविवार सुबह जब वे वापस अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरे अस्त-व्यस्त थे और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित सोनू सोनी ने बताया कि चोर घर में रखे करीब एक लाख 55 हजार रुपये नकद और लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोरी के दौरान पड़ोसियों को भनक न लगे, इसके लिए आसपास के कुछ घरों के दरवाजे भी बाहर से बंद कर दिए गए थे।
पड़ोसी बबीता झा ने बताया कि उनके घर का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया गया था। सुबह जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। बाद में किसी तरह बाहर निकलने पर आसपास हुई चोरी की घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक एक स्कूटी पर सवार होकर घटनास्थल से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे