स्कूल से कंप्यूटर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बासल थाना क्षेत्र के लबगा गांव में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने स्कूल में चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पांच अक्टूबर की रात पुलिस वाहन देखकर दो युवक भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान सानु कुमार मुंडा (20) और रितिक कुमार (22), दोनों लबगा निवासी के रूप में हुई।
पुलिस ने जब दोनों चोरों की तलाशी ली तो गाड़ी में एक बेडशीट से ढंका गठरी मिला। उसमें कंप्यूटर, सीपीयू, की-बोर्ड सहित अन्य सामान मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मध्य विद्यालय, लबगा का ताला तोड़कर सामान चोरी की है। पुलिस ने इस मामले में बासल थाने में मामला दर्ज कर दोनों को मंगलवार को जेल में भेज दिया।
पुलिस ने मौके से पांच कंप्यूटर मॉनिटर सेट, पांच सीपीयू, एक साउंड सिस्टम, दो एलईडी ट्यूबलाइट, पांच एलईडी बल्ब, दो टूटे ताले, लोहे की छड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।
छापेमारी दल में बासल थाना प्रभारी अनंत कुमार, पुअनि बिपिन बिहारी सिंह, हवलदार गोविंद किस्कू, आरक्षी राजू रविदास, आरक्षी दिवाकर मुंडा सहित बासल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश