करम पूर्व संध्या समारोह की तैयारियों को लेकर आदिवासी छात्र संघ ने कुलपति से मांगा सहयोग

 




रांची, 02 सितंबर (हि.स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के अखड़ा में करम पूर्व संध्या समारोह के आयोजन को लेकर बुधवार को दूसरी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता आदिवासी छात्र संघ (एसीएस), डीएसपीएमयू यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से करम पूर्व संध्या समारोह के आयोजन के लिए कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। 19 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले करम पूर्व संध्या समारोह को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पारंपरिक खोरहा गीत एवं नृत्य, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा प्रकृति पूजन को कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा बनाने पर सहमति बनी। कार्यक्रम स्थल की सजावट, आवश्यक सुविधाओं एवं अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

विशेष समिति गठित करने का निर्णय

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए एक विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, गणमान्य अतिथियों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी।

इसी क्रम में कार्यक्रम की विधि-व्यवस्था और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग को लेकर डीएसपीएमयू के कुलपति प्रो डॉ राजीव मनोहर को ज्ञापन सौंपा गया। छात्र संघ की ओर से समारोह के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि करम केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

करम पूर्व संध्या के माध्यम से हम अपनी समृद्ध आदिवासी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से पूरे समर्पण, उत्साह और जिम्मेदारी के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में आदिवासी छात्र संघ, डीएसपीएमयू के कोषाध्यक्ष नितेश टोप्पो, उपकोषाध्यक्ष पायल बाण्डो, मीडिया प्रभारी आलोक तिर्की, मनीष उरांव के अलावा सीमा मुर्मू, स्वाति लोहरा, प्रीति उरांव, ख़ुशी उरांव, अनिशा उरांव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak