ट्रेड फेयर में उमड़ी भारी भीड़, इंटरनेशनल स्टॉल बना मुख्य आकर्षण का केंद्र
रांची, 29 मार्च (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर और जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में मोरहाबादी मैदान में आयोजित ट्रेड फेयर में रविवार को लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
छुट्टी के दिन का लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले का रुख किया।
ट्रेड फेयर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और घरेलू उपयोग की वस्तुओं से लेकर सजावटी सामान, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आइटम सहित कई उत्पादों की खरीदारी की। परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे लोगों ने खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया।
मेले में लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। खासतौर पर इंटरनेशनल स्टॉल पर लोगों को अधिक भीड़ दिखी। अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट की पूरी रेंज उपलब्ध है। अफगानिस्तान के स्टॉल पर भी लोग ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी करते नजर आए। थाईलैंड का फुटवेयर भी लोगों को भा रहा है। यहां फुटवेयर 700 रुपये में मिल रहे हैं। फुटवेयर के स्टॉल पर सबसे अधिक भीड़ लड़कियों की हो रही है। बंग्लादेश कि साड़ी भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। यहां साड़ी दो से 10 हजार रूपये तक में बिक रहा है।
ट्रेड फेयर में तीन हजार रूपये की खरीदारी करने पर एक आकर्षक उपहार दिया जा रहा है। गिफ्ट काउंटर पर बिल दिखाने के बाद उपहार ले सकते हैं। वहीं, कई स्टॉल में उत्पादों पर छूट मिल रहा है। फर्नीचर आइटम पर भी भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है। वहीं, रसोई में प्रयोग होने वाले 150 से अधिक उत्पाद बिक रहे हैं।
इसे लेकर झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस बार ट्रेड फेयर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे यह साफ है कि लोग ऐसे आयोजनों का इंतजार करते हैं। इस मेले में स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ देश-विदेश के विक्रेताओं को भी एक बेहतर मंच मिला है। इससे न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि शहर के लोगों को एक ही स्थान पर विविध उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी हम और अधिक भीड़ और बेहतर कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।
इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak