रामगढ़ जिनालय में होगी मंगल कलश की स्थापना

 


रामगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। शहर के मेन रोड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में परम पूज्य आचार्य भगवंत 108 वसुनंदी जी के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री 108 पुण्यानंद जी और मुनिश्री 108 शुभानंदजी (ससंघ) का मंगल चातुर्मास के लिए भव्य मंगल चातुर्मास कलश स्थापना समारोह आयोजित होगा।

उक्त कार्यक्रम की जानकारी सोमवार को जैन समाज के पदाधिकारियों ने एक प्रेसवार्ता में दी। जैन समाज के सचिव सह पावन वषोयोग महासमिति के संयोजक योगेश सेठी ने बताया कि रामगढ़ में लगभग दो माह से गुरुसंघ विराजमान है।

उन्होंने कहा कि गुरु संघ के सान्निध्य में पूरे समाज में भक्तिरस की लहर प्रवाहित हो रही है। यह हम सभी का भाग्योदय है कि हमारे जिनालय को ऐसे मुनिसंघ का चातुर्मास कराने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। सेठी ने बताया कि उक्त आयोजन को सफल बनाने के लिए पंडित संजय शास्त्री टिकमगढ़ वालो को आमंत्रित किया गया है। उक्त सभी कार्यक्रम पंडित संजय शास्त्री के सान्निध्य में संपन्न होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज का प्रत्येक सदस्य अपना संपूर्ण योगदान कर रहा है। वहीं, जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल ने समाज के सभी सदस्य और रामगढ़ के सभी प्रबुद्ध जनों से कार्यक्रम में शामिल होने अपील की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ललित चूड़ीवाल, संजय सेठी, विकास रपरिया, देवेंद्र गंगवाल, निशा सेठी, कशिश सेठी, आयुषी चूड़ीवाल, प्रीति गंगवाल, पल्लवी अजमेरा, मनीषा पाटनी सहित समाज के अन्य लोग योगदान कर रहे हैं। उपरोक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश