शिक्षा सचिव ने निर्माणाधीन तारामंडल और साइंस सेंटर का किया निरीक्षण
दुमका, 15 जुलाई (हि.स.)। उपराजधानी दुमका को शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीकी गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप निर्माणाधीन तारामंडल भवन एवं साइंस सेंटर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीसी अभिजीत सिन्हा ने प्रधान सचिव को परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं और अब तक की प्रगति से अवगत कराया। डीसी ने बताया कि तारा मंडल भवन से संबंधित अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए इसे आम लोगों एवं छात्रों के लिए क्रियाशील बना दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने कहा कि दुमका में तारा मंडल की स्थापना संताल परगना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। यह न केवल छात्रों एवं युवाओं में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि को बढ़ावा देगा, बल्कि वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की संस्कृति को भी प्रोत्साहित करेगा।
उन्होंने कहा कि तारा मंडल दुमका की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और यह जिले के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल होगा। इसके बाद प्रधान सचिव ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर का भी निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। डीसी ने बताया कि साइंस सेंटर के निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप प्रगति पर हैं।
अगले वर्ष तक इसे भी पूर्ण कर संचालन प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधान सचिव ने कहा कि तारा मंडल एवं साइंस सेंटर के संचालन से दुमका शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीकी गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। इन संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों, प्रयोगात्मक शिक्षण और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार