पुलिस प्रशासन व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : एसपी

 


रामगढ़, 16 मई (हि.स.)। रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिले के नए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत से शिष्टाचार भेंट कर शहर की कानून-व्यवस्था, व्यवसायियों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी कर रहे थे।

मुलाकात के दौरान चेंबर की ओर से नए एसपी का गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। इसके बाद पदाधिकारियों ने शहर में सुचारु कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। चेंबर प्रतिनिधियों ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर उत्पन्न हो रही समस्याओं की ओर पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि बाजार टांड, सुभाष चौक, नई सराय और पटेल चौक जैसे व्यस्त इलाकों में हेलमेट और कागजात जांच के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक रोका जाता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि हेलमेट पहने हुए और परिवार के साथ चल रहे दोपहिया चालकों को भी जांच के नाम पर घंटों रोककर पूछताछ की जाती है।

इस पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने आश्वासन दिया कि सभी जांच चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को उचित दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो और व्यवस्था भी बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। चेंबर के पदाधिकारियों ने व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, फेडरेशन ऑफ झारखंड के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी एवं कार्यकारिणी सदस्य विवेक अग्रवाल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश