विधायक ने विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

 


देवघर, 30 अगस्त (हि.स.)। सारठ विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदय शंकर सिंह ने पालोजोरी प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तीन प्रमुख विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।

शिलान्यास की गई योजनाओं में असहना में विशेष प्रमंडल विभाग की ओर से 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से छात्रावास निर्माण, पालोजोरी स्टेडियम में 60 लाख रुपये की लागत से हाईटेक लाइब्रेरी निर्माण तथा 40 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम के मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, खेल एवं युवाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है। छात्रावास और हाईटेक लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों एवं युवाओं को काफी लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, कलम एवं पेंसिल का वितरण भी किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विकास योजनाओं के शिलान्यास का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy