महापौर ने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया

 


रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो ने विभिन्न योजनाओं का गुरुवार को शिलान्यास किया। वार्ड नंबर पांच अंतर्गत बूटी मोड़ आश्रय गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास, वार्ड नंबर पांच में ही पीएचईडी कॉलोनी स्थित मेड फर्स्ट अस्पताल के पास पाथवे एवं पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास, वार्ड नंबर चार में मोराबादी स्थित कुसुम विहार में (जी प्लस टू) पुस्तकालय निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा वार्ड नंबर 02 अंतर्गत मोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के समीप वेंडिंग जोन एवं बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

महापौर नें कहा कि सभी कार्य जरूरतमंदों की सेवा का एक छोटा सा प्रयास है। कार्य संपन्न होते ही आश्रयगृह जरूरतमंदों के आश्रय का केंद्र बनेगा, पाथवे और पथ निर्माण कार्य के संपन्न होने से राहगीरों के आवाजाही में सुगमता मिलेगी तथा शहर के प्रमुख स्थलों में से एक मोरहाबादी में वेंडिंग जोन और बाउंड्री वॉल निर्माण होने से फुटपाथ दुकानदारों को काफी सुविधाएं मिलेंगी साथ ही यह स्वच्छता को भी सुनिश्चित करेगा तथा पुस्तकालय का निर्माण इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन में काफी लाभ पहुंचाएगा। जहां विद्यार्थी शांत माहौल में बैठकर अध्ययन करेंगें।

इस अवसर पर उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड संख्या 02 की पार्षद सविता कच्छप, वार्ड संख्या 04 के पार्षद अमित मुंडा, वार्ड संख्या 05 के पार्षद अवधेश बैठा सहित अन्य लोग मौजूद रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे