गुरु नानक पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने मनाया बैसाखी पर्व

 




रामगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। शहर के श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों ने सोमवार को बैैसाखी का त्यौहार मनाया। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक गतिविधियों में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सबद और कीर्तन से हुई, जिसमें गुरु गोविंद सिंह से संबंधित सबद गाकर विद्यार्थियों ने मन मोह लिया। फिर उसके बाद बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में भांगड़ा और गिद्धा नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बैसाखी के महत्व पर भाषण भी दिया और फसल कटाई के इस पर्व के बारे में जानकारी साझा की। छोटे बच्चों के लिए चित्रों पर अन्न के दाने चिपकाने की गतिविधि और पतंग और कार्ड मेकिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं थीं। कक्षा नर्सरी से लेकर पांचवी तक के विद्यार्थियों ने अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लिया। कक्षा नर्सरी के विद्यार्थियों ने मकई चिपका कर चित्र पूर्ण किया, कक्षा एलकेजी के विद्यार्थियों ने गेहूं चिपका कर, यूकेजी के विद्यार्थियों ने चना दाल चिपकाकर और कक्षा एक के विद्यार्थियों ने चावल चिपकाकर चित्र पूर्ण किया। बैसाखी को जीवंत बनाने के लिए गांव की प्रतीकात्मक प्रस्तुति की गई थी, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने चक्की चलाना, गेहूं फटकना, दही मथना और धान काटना दिखाकर बैसाखी के उत्सव को साकार रूप दिया।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि बैसाखी मेहनत, समृद्धि और खुशियों का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम और एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, विद्यालय प्रबंधक समिति सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक, सरदार गुरप्रीत सिंह जॉली, सरदार नरेंदर पाल सिंह गुजराल, सरदार पुषविंदर पाल सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश