पुरानी पेंशन बहाली के नायक थे सुदिव्य कुमार सोनू : झारोटेफ
रामगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। झारोटेफ झारखंड के प्रदेश कमेटी के आह्वान पर सोमवार को रामगढ़ जिला इकाई के तत्वावधान में प्रखंड मुख्यालय परिसर में कैबिनेट मंत्री स्व सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम किशोर महतो ने की।
श्रद्धांजलि सभा में जिले की शिक्षा, बिजली, रेलवे, पथ निर्माण, पुलिस, वन, सचिवालय संवर्ग और डाक विभाग समेत करीब 15 विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। उपस्थित कर्मचारियों ने स्व सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और एक मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश के उप महासचिव डॉ सुनील कुमार कश्यप ने विषय प्रवेश करते हुए सुदिव्य कुमार सोनू के कार्यों और कर्मचारी हित में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (एनएमओपीएस) के आंदोलन में सोनू की महत्वपूर्ण एवं निर्णायक भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि जब एनपीएस कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की मांग को लेकर आंदोलन किया, तब स्व सोनू ने सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच सेतु की भूमिका निभाई। विधानसभा में उन्होंने कर्मचारियों की सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। साथ ही एनएमओपीएस की बैठकों एवं सम्मेलनों में कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर शासन स्तर तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया।
कार्यक्रम में प्रदेश संयुक्त सचिव लोकेश कुमार भी उपस्थित रहे। संचालन जिला सचिव बुद्धदेव मुंडा ने किया।
मौके पर जतरू महतो, मिनहाज अंसारी, मुकुल प्रसाद, सीताराम साहू, राजदीप कुमार, प्रताप रंजन, भानु प्रताप महतो, कुमारी प्रतिमा, निलेश कुमार रंजन, प्रभात कुमार, मनोज कुमार, रविंद्र कुमार, प्रमोद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश