एसआईआर के खिलाफ इंडिया गठबंधन वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च आठ को
रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्तर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन को धार देने के लिए जिला इंडिया गठबंधन के घटक दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विरोध-प्रदर्शन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आठ अक्टूबर को जिला स्तरीय ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सह विधायक ममता देवी ने की, जबकि संचालन राजद के जिलाध्यक्ष गुलजार अंसारी ने किया। बैठक में कांग्रेस, राजद और माले के नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और आंदोलन को जिला स्तर पर व्यापक बनाने की रणनीति तैयार की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आठ अक्टूबर 2026 को दोपहर तीन बजे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जिला स्तरीय मार्च निकाला जाएगा। मार्च सुभाष चौक, रामगढ़ से शुरू होकर थाना चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगा। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान किया जाएगा और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से वाचन किया जाएगा। यह अनुच्छेद सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के संवैधानिक प्रावधान से जुड़ा है।
मौके पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के अंतिम चरण में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने, उन पर मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन की बैठक में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए चार चरणों में कार्यक्रम तय किए गए हैं। प्रथम चरण में दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ एवं ‘वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में रामगढ़ में गठबंधन दलों की संयुक्त बैठक कर आठ अक्टूबर के कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। आंदोलन के अगले तीन चरणों की विस्तृत जानकारी आगामी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी, प्रदेश सचिव धर्मराज राम, सीपी संतन, जिला प्रवक्ता मुकेश यादव, जिला उपाध्यक्ष दिनेश मुंडा, राजेंद्र महतो राजू, मनोज पूजहर, राजेंद्रनाथ चौधरी सहित विभिन्न प्रखंड अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश