जेपीएससी और जेएसएससी में अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगे जायज : नेहा
रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। आईसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने झारखंड के छात्र आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाया है। उन्होंने शुक्रवार को रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और आईसा उनके साथ खड़ी है।
नेहा बोरा ने कहा कि कथित धांधली के आरोपों के चलते 14 वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम कराया जाए, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा भी रद्द कर दोबारा आयोजित की जाए, टीडीपीएल और एनटीए जैसी निजी एजेंसियों से परीक्षाएं कराने की व्यवस्था समाप्त कर सरकारी संस्थानों को इसकी जिम्मेदारी दी जाए। ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उल्लेेखनीय है कि आईसा की ओर से बिरसा चौक से छात्र आंदोलन के समर्थन में विधानसभा की ओर मार्च निकालने के दौरान नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी थी। वहीं प्रदर्शनकारियों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। नेहा ने बताया कि आरोपित की पहचान अमरनाथ पांडे (26) के रूप में हुई है, जो हजारीबाग का रहने वाला और विनोबा भावे विश्वविद्यालय का छात्र है। मामले की जांच जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak