नकली पुलिस बनकर घर में घुसे बदमाश, लाखों की लूट

 




देवघर , 26 अप्रैल (हि.स.)। मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और नगदी सहित लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित रंजीत यादव ने बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे 10–12 की संख्या में अपराधी घर की चारदीवारी फांदकर आंगन में घुस आए। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। अपराधियों ने खुद को “साइबर थाना की पुलिस” बताकर घर का दरवाजा खुलवाया।

दरवाजा खुलते ही सभी जबरन अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद एक अपराधी ने पिस्टल तानकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और सभी को एक कमरे में बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर में रखे बक्सों और पलंग के बॉक्स का ताला तोड़कर तलाशी ली। इस दौरान करीब 1 लाख रुपये नकद और चांदी के कई कीमती जेवरात, जिनमें पायल, सिकड़ी, ब्रेसलेट और हसुली शामिल हैं, लूट लिए गए। विरोध या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। पीड़ित ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy