द न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी की संपत्ति कोर्ट ने की सील
रामगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। व्यवहार न्यायालय के निर्देश पर सोमवार को रामगढ़ शहर के मेन रोड स्थित दी न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की चल संपत्ति सील कर दी गई है। व्यवहार न्यायालय से पहुंचे नाजिर मनोज सिंह, प्रोसेस सर्वर मुकेश कुमार, जगदेव महतो की ओर से कंपनी की सभी चल संपति को सील कर दिया गया।
मौके पर पहुंचे अधिवक्ता प्रेम रंजन ने बताया कि वर्ष 2023 में चंद्रदेव तूरी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी सुगिया देवी ने ट्रक मालिक और चालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। इस मामले में 17 अप्रैल 2026 को न्यायालय ने पीड़ित परिवार को एक करोड़, एक लाख, 36 हजार रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया था। इस मामले में वाहन मालिक और चालक पर प्राथमिकी हुई थी। उस वाहन का इंश्योरेंस दी न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से किया गया था। इंश्योरेंस कंपनी को ही रुपये का भुगतान करने का निर्देश कोर्ट ने दिया था। लेकिन ओरिजिनल क्लेम केस 15/23 के आदेश के बावजूद इंश्योरेंस कंपनी ने निर्धारित समय एक महीने के भीतर रुपये का भुगतान नहीं किया।
इंश्योरेंस कंपनी की ओर से रुपये का भुगतान नहीं होने के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रेम रंजन ने मामला दर्ज किया। इस मामले में कोर्ट ने दी न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की रामगढ़ शाखा की सभी चल संपत्ति को जब्त करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश