करमटोली में अतिक्रमण मुक्त 51 डिसमिल भूमि पर विशेष वेंडर्स फूड मार्केट बनाएगा निगम

 


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 19 स्थित करमटोली में 51 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर बाउंड्री वॉल का निर्माण करने के बाद इस स्थान के उपयोग की संभावनाओं को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त ने उक्त जमीन के आसपास के क्षेत्र की उपयोगिता को देखते हुए यहां विशेष वेंडिंग जोन विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस वेंडिंग जोन को सामान्य बाजार के रूप में नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक खान-पान की पहचान को बढ़ावा देने वाले झारखंडी फूड मार्केट' के रूप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा।

वेंडर मार्केट में आम लोग और अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान : नगर आयुक्त

नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को वेंडर मार्केट का ऐसा डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें आम लोग और अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रस्तावित योजना में सुव्यवस्थित पाथवे, पार्किंग स्थल, शेड, शौचालय, पेयजल सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

साथ ही, स्थल की समग्र सुंदरता और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए आकर्षक झारखंडी कार्यकृतियों की पेंटिंग और सुविधाजनक स्वरूप विकसित करने पर जोर दिया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल वेंडर्स को स्थाई स्थान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि रांचीवासियों को झारखंड के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित रूप से विकसित होने के बाद यह स्थल रांचीवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

भविष्य में इसे नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।

सुशांत गौरव ने कहा कि इससे स्थानीय वेंडर्स को स्थायी और व्यवस्थित व्यवसायिक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे उनके रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, स्थानीय व्यंजनों, खान-पान की परंपरा और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि फुटपाथ और सड़कों पर अनियोजित रूप से व्यवसाय करने की स्थिति को कम करते हुए वेंडर्स को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका जनहित में उपयोग, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं रोजगार सृजन के लिए उपयोग किए जाने की दिशा में भी निगम लगातार प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak