महावीरी झंडे से पटा शहर, रामनवमी 27 को

 


दुमका, 26 मार्च (हि.स.)। उपराजधानी दुमका सहित जिले के ग्रामीण इलाकों में रामनवमी के त्योहार मनाने की व्यापक तैयारी की गई है। दुमका सहित सभी जगहों में रामनवमी शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसे लेकर सभी जगहों पर बजरंगबली के मंदिर की साफ-सफाई और रंग रोगन किया गया है। रामनवमी को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है।

वहीं रामनवमी क अवसर पर होने वाले अखाड़ा प्रदर्शन के लिए विभिन्न मंदिरों में अखाड़े की तैयारी की जा रही है। महावीरी झंडे का निर्माण और बिक्री भी जोरों पर है। बाजार में 50 रूपये से लेकर 01 हजार रूपये तक के महावीर झंडे उपलब्ध हैं। महावीरी झंडे से बाजार पट गया है। मुख्य दुकानों में छोटे-बड़े महावीरी झंडे लहरा रहे है। लोग अपनी जरूरत के अनुसार छोटे-बड़े महावीरी झंडे की खरीदारी कर रहे हैं। झंडा के अलावे चुनरी, रामनामी पट्टा, बाइक वाला झंडा, हनुमान जी का वस्त्र, टी शर्ट, भगवा तौलिया से भी बाजार सजा हुआ है। कई लोगों ने अपने घरों में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर महावीरी झंडा गाड़ने की तैयारी की है।

इधर, रामनवमी के अवसर पर अखाड़ा खेलने का विशेष महत्व है। विभिन्न अखाड़ों की ओर से रामनवमी के दिन भव्य जुलूस निकाला जाएगा। इस त्योहार का लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। रामनवमी सांप्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने भी मुख्ता व्यवस्था की है। जिले के आला अधिकारियों ने भी लोगों को आपसी सौहार्द के साथ रामनवमी मनाने की अपील की है।

शहर की 19 जगहों से निकालेगें अखाड़े रामनवमी को लेकर दुमका शहर के 19 जगहों से लाइसेंसी जुलूस निकाली जाएगी। सभी जुलूसों में एक मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती रहेगी। निर्धारित स्थल से ही वापस लौटेने की अनुमति दी गई है। टीन बाजार चौक में भारी संख्या में पुलिस तैनात रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार