अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत
बोकारो, 14 जून (हि.स.)। बालीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में टेंपो चालक शाहनवाज खान (लगभग 35-40 वर्ष) की मौत हो गई। यह हादसा रेलवे फाटक के समीप उस समय हुआ जब वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल शाहनवाज खान को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय शाहनवाज सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिल सका।
बताया जाता है कि शाहनवाज खान अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, बालीडीह थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इसे हिट एंड रन का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक और आसपास के क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय हैं और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार