झारखंड में फिर बढ़ने लगा तापमान, डाल्टनगंज में 37 डिग्री के पार पहुंचा
रांची, 27 मार्च (हि.स.)। राज्य में फिर से तापमान में वृद्धि होने लगी है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान बढ़कर 37.6 डिग्री हो गया है, जबकि जमशेदपुर में तापमान 37 डिग्री और चाईबासा एवं सरायकेला में तापमान बढ़कर 36 डिग्री के स्तर तक पहुंच गया है।
हालांकि कुछ जिलों में अभी भी तापमान अपेक्षाकृत नहीं बढ़ा है। इनमें रांची और लोहरदगा में 32 डिग्री, लातेहार में 28 डिग्री एवं खूंटी में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं मौसम विभाग ने 31 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं हुई हैं।
इधर पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.6 डिग्री डाल्टनगंज में और सबसे कम तापमान लातेहार में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और कड़ी धूप महसूस की गई। इससे दोपहर में गर्मी महसूस की गई। हालांकि बाद में बादल छाए रहे।
वहीं, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.6 और न्यूनतम 18.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
वहीं, दूसरी ओर रांची में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak