झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ा, 72 घंटे में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री तक गिरा
-रांची में पारा 9.8 डिग्री पर पहुंचा, लातेहार में सबसे कम 7.5 डिग्री तापमान दर्ज
रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 72 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में लगातार गिरावट से राज्यभर में कनकनी और ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को घटकर 9.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री से गिरकर 15.1 डिग्री, डाल्टनगंज में 18.3 डिग्री से घटकर 11.6 डिग्री और बोकारो में 17.2 डिग्री से गिरकर 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में भी न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री से घटकर 12.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
हालांकि, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्का कुहासा छा सकता है। इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है।
इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। हालांकि, बाद में मौसम साफ हो गया, लेकिन दिनभर ठंड का असर बना रहा।
शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम 15.1 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 27.1 और न्यूनतम 11.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 और न्यूनतम 12.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak