झारखंड में मौसम का मिजाज सामान्य, बहरागोड़ा सबसे गर्म और लातेहार सबसे ठंडा

 


-रांची में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री, राज्य में कहीं भी बारिश नहीं

रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य के करीब दर्ज किया गया।

राज्य के कई जिलों में दिन के समय आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। वहीं, रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहने के बाद दोपहर में धूप खिली। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

मौसम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बहरागोड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था।

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 22.1 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कुल मिलाकर राज्य में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। हालांकि, अलग-अलग जिलों में बादलों की मौजूदगी और धूप के कारण दिन के तापमान में अंतर देखने को मिला।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak