तेली अधिकार मंच ने पत्रकार के साथ मारपीट की घटना का किया विरोध

 


रांची, 30 अप्रैल (हि.स.)। तेली अधिकार मंच ने हजारीबाग में एक पत्रकार के साथ मारपीट की घटना का विरोध किया है। मंच के मुख्य संयोजक निरंजन तेली ने कहा है कि पत्रकारों पर हमला करना सीधे तौर पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने जैसा है।

बीते दिनों स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्रकार के साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की थी। इस घटना के विरोध में गुरुवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में मंच के मुख्य संयोजक तेली ने कहा कि जिस तरह पत्रकार को पीटा गया, उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंत्री अंसारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती तो मंच राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि तेली अधिकार मंच पूरी तरह से पीड़ित पत्रकार और पत्रकार बिरादरी के साथ खड़ा है।

मंच के मुख्य संरक्षक हरिनाथ साहू ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज न होना बेहद शर्मनाक है और यह सीधे तौर पर संविधान का अपमान है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे