राज्यसभा चुनाव को लेकर तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात

 


रांची, 30 मई (हि.स.)। झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को वोटिंग होनी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कांग्रेस के साथ मिलकर अपना उम्मीदवार उतारेगा।

झामुमो के साथ समझौते के लिए कांग्रेस हाईकमान ने तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क को विशेष ऑब्जर्वर बनाकर रांची भेजा है।

तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और उपनेता के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके घर पर मिले। लगातार दूसरे दिन तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से मुलाकात की और राज्यसभा चुनाव पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री के साथ शनिवार को हुई बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने बताया कि मुख्यमंत्री ने तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कहा कि वे इस बात पर विचार कर रहे हैं कि गठबंधन दोनों राज्यसभा सीटें कैसे जीत सकता है।

वहीं के राजू ने कहा कि तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री से बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह भी वादा किया कि वह एक-दो दिन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से राज्यसभा चुनाव के बारे में बात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभी यह नहीं बताया है कि क्या झामुमो अपनी सहयोगी कांग्रेस के लिए कोई सीट छोड़ेगा या नहीं। यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में पहले से ही राज्यसभा चुनाव को लेकर अटकलें तेज हैं।

वहीं शनिवार को मुख्यमंत्री से दोबारा मिलने के बाद तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री तेलंगाना लौट गए, वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने मोरहाबादी के स्टेट गेस्ट हाउस में झारखंड कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की पहली बैठक की।

बैठक में उन्होंने राज्य में आने वाले तीन-लेवल के पंचायत चुनाव को मजबूती से लड़ने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान के राजू ने कहा कि पिछले निकाय चुनावों में हुई गलतियों को सुधारना होगा और पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू करनी होगी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने मीडिया के एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के कैंडिडेड का फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नहीं बल्कि कांग्रेस का हाईकमान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे