तेजस्वी पांच अप्रैल को आएंगे रांची, स्वागत की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता

 


रांची, 31 मार्च (हि.स.)। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पांच अप्रैल को रांची पहुंचेंगे। उनके रांची आने को लेकर प्रदेश राजद के नेता और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उनके आगमन की तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में मंगलवार को पार्टी के प्रदेश महासचिव कैलाश यादव ने बताया कि तेजस्वी के रांची पहुंचने पर प्रदेश राजद के संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा होगी और तेजस्वी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी देंगे।

उन्होंने बताया कि हरमू के बाई पास रोड स्थित कार्निवाल हॉल में तेजस्वी यादव का स्वागत कार्यक्रम होगा। इसमें राजद के सैकडों कार्यकर्ता शामिल होंगे।

वहीं कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, झारखंड के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद के विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा सहित पार्टी के कई नेता जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak