निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर में 200 विद्यार्थियों के दांतों-मसूड़ों की जांच
रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। सामाजिक संस्था ओथ फाउंडेशन एवं एम डॉक के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बरियातू स्थित हिल टॉप पब्लिक स्कूल में एक दिवसीय निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर सह दंत स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
शिविर में नर्सरी से 10वीं कक्षा तक के करीब 200 विद्यार्थियों के दांतों एवं मसूड़ों की जांच की गई।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि ओथ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका एवं दीपा बंका ने कहा कि बचपन से ही दंत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है। संस्था भविष्य में भी समाजहित में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहेगी।
मौके पर वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ आशीष भगत एवं डॉ. प्राची प्रिया ने बच्चों के मुख स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान कई बच्चों में दांतों में कैविटी, मसूड़ों से खून आना, सूजन तथा पायरिया के शुरुआती लक्षण पाए गए। चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ सभी बच्चों को निशुल्क टूथब्रश, टूथपेस्ट तथा जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण किया।
सेमिनार में बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करने, अधिक चॉकलेट और जंक फूड से परहेज करने तथा भोजन के बाद कुल्ला करने की सलाह दी गई। बच्चों ने दांतों की देखभाल से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।
कार्यक्रम का संचालन आशुतोष द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार गुप्ता, प्राचार्या संगीता राज, उपप्राचार्या सुनीता श्रीवास्तव, एम डॉक के संस्थापक नवीन प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar