रामगढ़ में 1.80 लाख क्विंटल धान खरीद का प्रशासन ने रखा लक्ष्य
रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 में धान की खरीदारी को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार की ओर से रामगढ़ जिले के लिए निर्धारित एक लाख 80 हजार क्विंटल धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को पूरा करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान डीसी ने सभी पैक्सों को समयबद्ध, पारदर्शी और किसान हितैषी तरीके से धान खरीद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह ने धान की खरीदारी के निर्धारित लक्ष्य की जानकारी दी। डीसी ने पिछले वित्तीय वर्ष में संतोषजनक प्रदर्शन नहीं करने वाले पैक्सों की समीक्षा करते हुए उनसे कार्य में कमी के कारणों की जानकारी ली। साथ ही सभी पैक्स अध्यक्षों और प्रतिनिधियों को इस वर्ष पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
डीसी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को क्षेत्रवार टैग कर सभी पैक्स केंद्रों का नियमित निरीक्षण कराने को कहा। केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, धान के सुरक्षित भंडारण और किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रोटेशन पॉलिसी लागू करने और नियमित अंतराल पर पैक्सों के प्रदर्शन की समीक्षा करने की बात कही। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पैक्सों को आगामी कार्यों में प्राथमिकता देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले पैक्सों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
डीसी ने किसानों को बिचौलियों से सावधान रहने और अपना धान नजदीकी पैक्स केंद्रों पर ही बेचने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसानों को परेशानी न हो और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश