रामगढ़ में 1.80 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य, 33 केंद्र चुने गए: डीसी
रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2026-27 के तहत रामगढ़ जिले में धान अधिप्राप्ति की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष जिले में कुल 1,80,059 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में कुल 33 धान अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन किया गया है।
यह जानकारी डीसी ऋतुराज ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से जिले की कुल 125 ग्राम पंचायतों को संबद्ध किया गया है, ताकि किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिल सके। डीसी ने कहा कि इस वर्ष धान अधिप्राप्ति योजना के लिए अब तक कुल 7,449 किसानों का निबंधन किया गया है। किसान अपने धान को सीधे नजदीकी अधिप्राप्ति केंद्रों पर बेच सकेंगे।
डीसी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में 2 लाख क्विंटल के लक्ष्य के विरुद्ध 2,899 किसानों से कुल 1,62,392.47 क्विंटल धान की खरीद की गई थी। इसके एवज में किसानों को कुल 36.90 करोड़ रुपये तथा बोनस के रूप में 81 लाख रुपये सहित कुल 37.71 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। पिछले वर्ष धान की दर 2,450 रुपये प्रति क्विंटल थी। इस वर्ष अभी तक खरीद मूल्य निर्धारण नहीं हुआ है।
अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान की खरीद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार की जाएगी। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत तय की गई है। वहीं, बाहरी पदार्थ (अकार्बनिक एवं जैविक) की सीमा एक-एक प्रतिशत, क्षतिग्रस्त एवं रंग बदले धान की सीमा पांच प्रतिशत, अपरिपक्व एवं सिकुड़े धान की सीमा तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान की मिलावट की अधिकतम सीमा छह प्रतिशत निर्धारित की गई है। एक एकड़ सिंचित भूमि पर अधिकतम 16 क्विंटल धान देने का प्रावधान है।
धान बेचने के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल के माध्यम से निबंधन कराना होगा। इसके लिए किसानों को जिला, अधिप्राप्ति केंद्र, मोबाइल नंबर, आधार संख्या एवं पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर किसान अपना नाम, पता और भूमि संबंधी विवरण भरेंगे।
आवेदन की जांच प्रखंड के हल्का कर्मचारी द्वारा की जाएगी। सत्यापन के बाद आवेदन अंचल अधिकारी और फिर जिला आपूर्ति पदाधिकारी के लॉगिन में भेजा जाएगा। अंतिम जांच के बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी आवेदन को स्वीकृति देंगे।
खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य 2,369 रुपये प्रति क्विंटल तथा बोनस 81 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस प्रकार किसानों को कुल 2,450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। समर्थन मूल्य एवं बोनस की दर को मंत्री मंडल में पारित करने के लिए सुरक्षित रखा गया है। दर प्राप्त होने के बाद इसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। धान अधिप्राप्ति से संबंधित सहायता एवं शिकायत के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-212-5512 एवं 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर डीएसओ निशा सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी कुमार ओझा मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश