झारखंड इस्पात में 8 घंटे से जारी है वार्ता, धरने पर बैठे परिजन, नेताओं ने दिया समर्थन

 




रामगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला स्थित रुंगटा ग्रुप के झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड़ प्लांट में फर्निश ब्लास्ट करने से 09 मजदूर घायल हो गए। घायलों में पांच लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे हुए मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची के देव कमल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चार अन्य झुलसे हुए मजदूरों का इलाज रामगढ़ के होप हॉस्पिटल में चल रहा है। घायलों में अशोक बेदिया, बृजलाल बेदिया, सुरेश बेदिया, राजू झा, छोटू साव, महेश महतो, श्याम देव महतो, अकील राय और राजवल्लभ यादव शामिल हैं।

प्लांट में हादसे के बाद मजदूरों के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन लोगों ने बेहतर इलाज और मुआवजे की मांग करना शुरू कर दिया। घायल मजदूरों के परिजनों ने प्लांट के गेट को बंद कर दिया और वहीं बाहर धरने पर बैठ गए। धरना दे रहे लोगों ने बताया कि प्लांट में भट्टी में अचानक ब्लास्ट होने के कारण बहुत तेज आवाज हुई। वहीं भट्टी में कार्यरत 09 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी स्थिति काफी चिंताजनक है। कंपनी की ओर से लापरवाही बरतने के कारण यह दुर्घटना घटी है। उन लोगों ने कंपनीप्रबंधन पर सकारात्मक पहल नहीं करने का आरोप लगाया। इसकी वजह से पीड़ित परिवार और आमजनों में आक्रोश है।

कपंनी प्रबंधन के समक्ष घायल मजदूरों के परिजनों ने 08 सूत्री मांग रखी है। इसमें घायल मजदूरों को उचित इलाज के लिए बेहतर अस्पताल में भेजने, मृत्यु की स्थिति में एक करोड रुपए मुआवजा राशि देने, मृतकों के आश्रितों को नौकरी और पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने, मजदूरों का आईडी कार्ड बनाते हुए सभी का पीएफ और एसआई काटे जाने, मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ देने, मजदूरों से 08 घंटा ही काम कराने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।

प्लांट के गेट पर धरने पर बैठे लोगों को न्याय दिलाने के लिए कई जनप्रतिनिधि पहुंचेे। इनमें विधायक ममता देवी, निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, कांग्रेस नेता शहजादा अनवर, नगर परिषद उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, रंजीत पांडे, झामुमो नेता युगेश बेदिया, जेएलकेएम नेता बिहारी महतो सहित अन्य धरने पर बैठे। नेताओं ने कंपनी प्रबंधन से कहा कि जब तक मजदूरों के परिजनों को न्याय नहीं मिलता, वे भी धरने पर बैठे रहेंगे।

जनप्रतिनिधि और घायल मजदूरों के परिजनों के साथ फैक्ट्री प्रबंधन के लोगों की वार्ता चल रही है। पिछले 08 घंटों से लगातार दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहे हैं। लेकिन मुआवजे की रकम को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। धरना प्रदर्शन की वजह से प्लांट में काम भी ठप हो गया है। साथ ही फैक्ट्री के बाहर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई है।

झारखंड इस्पात प्लांट में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि प्लांट प्रबंधन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता जारी है। प्लांट के बाहर और भीतर विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न ना हो, इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। रामगढ़ अंचल अधिकारी रवि रमेश रविदास और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे सुरक्षा में तैनात हैं। इसके अलावा कई पुलिस पदाधिकारी और जवानों को मुस्तैद किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश