तालझरी माइंस से केबल चोरी प्रयास मामले में प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

 

गोडडा, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के महागामा अनुमंडल क्षेत्र अतर्गत ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तालझारी माइंस में बीते मंगलवार शाम हुए केबल चोरी के संगठित प्रयास के मामले में 28 फरवरी को सीआईएसएफ के कंपनी कमांडर प्रेम प्रकाश के बयान पर कांड संख्या 10 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात 40-45 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की शाम में तालझरी माइंस में आरएस-16 केबल चोरी का प्रयास किया गया था। जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में पहुंचे अपराधियों ने मौके पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों को घेरते हुए केबल काटकर ले जाने की कोशिश की थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी-3) में तैनात जवान पवन कुमार ने आत्मरक्षा और भीड़ को तितर-बितर करने के उद्देश्य से एक राउंड हवाई फायर किया था। फायरिंग की आवाज सुनते ही सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, अपराधीके पास धारदार सहित अन्य खतरनाक हथियार भी मौजूद थे, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही थी। तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक घोड़ा, एक ट्राइसाइकिल और केबल ढोने में प्रयुक्त रस्सियां बरामद की गई थीं। वहीं घटना के दौरान बोलेरो वाहन संख्या जेएच17ई7581 के आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में एक सीआईएसएफ जवान पवन कुमार को मामूली चोट भी आई है जिसका इलाज ऊर्जा नगर अस्पताल में किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि उक्त स्थल पर सीआईएसएफ की स्थायी तैनाती नहीं है, बल्कि क्यूआरटी-3 ने पूरे माइंस क्षेत्र में नियमित गश्त की जाती है। समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई।

पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने माइंस क्षेत्र में निगरानी और सख्त कर दी है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में संलिप्त सभी आरोपितों की पहचान कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाए जाने की भी तैयारी किये जाने की बात कही जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार