टैलेंट हंट में एथलीटों ने दिखाई शानदार प्रतिभा

 


देवघर, 05 जुलाई (हि.स.)। एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 'टैलेंट हंट कार्यक्रम' के तीसरे चरण के तहत रविवार को पालोजोरी प्रखंड के फुटबॉल स्टेडियम में प्रखंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मैदान पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान शॉट पुट (गोला फेंक) सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। टैलेंट हंट कार्यक्रम में कुल 56 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 37 लड़के और 19 लड़कियां शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों ने अपनी गति, ताकत और खेल कौशल से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में बेटियों की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को और भी प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के योजना आयोग अध्यक्ष आशीष झा ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य जिले के हर प्रखंड और गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि टैलेंट हंट का अगला चरण 12 जुलाई को मधुपुर प्रखंड में आयोजित किया जाएगा और उम्मीद है कि वहां से भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे।

एसोसिएशन के सचिव मनोज मिश्रा ने कहा कि संस्था खिलाड़ियों के घर तक खेल की सुविधा पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पालोजोरी में कई प्रतिभाशाली एथलीट मिले हैं, जिन्हें प्रशिक्षण देकर जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि चयनित खिलाड़ियों को 21 एवं 22 जुलाई को देवघर के केकेएन स्टेडियम में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष गौरव, ऑफिशियल प्रमोद, राहुल और सुमित सहित संगठन के सदस्यों और स्थानीय खेल प्रेमियों की सराहनीय भूमिका रही। बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy