श्री कृष्ण विद्या मंदिर के छात्राें को किया गया सम्मानित
रामगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थियों के परिश्रम को सम्मान और प्रतिभा को प्रोत्साहन मिले, तो सफलता की राह और भी आसान हो जाती है। इसी प्रेरणादायी उद्देश्य के साथ मंगलवार को श्री कृष्ण विद्या मंदिर में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की सृजनशीलता, प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित ‘राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता’ में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में राखियां भेजकर देश की रक्षा में तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और कृतज्ञता व्यक्त की थी। विद्यार्थियों की इस सराहनीय पहल और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए डाक विभाग, हजारीबाग प्रमंडल की ओर से प्रतियोगिता के शीर्ष 10 विजेताओं के प्रशस्ति पत्र विद्यालय को भेजे गए। विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर, उपप्राचार्य विजय तिवारी और वरिष्ठ शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया। सम्मानित विद्यार्थियों में समृद्धि, आराध्या, पियूष, दिव्यांश, अवनी, निवृत्ति, इशांत, सृष्टि, सान्वी और मेघा शामिल रहे।
समारोह में सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित शतरंज, मृत्तिका शिल्प और पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश